भारत के भाव की अभिव्यक्ति केवल और केवल आकाशवाणी और दूरदर्शन ही कर सकते हैं
नई दिल्ली,5 अगस्त 2022-केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज आज नई दिल्ली में दूरदर्शन के 'स्वराज: भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा' सीरियल का शुभारंभ व स्पेशल स्क्रीनिंग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरूगन, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्र, प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक कुमार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि दूरदर्शन और आकाशवाणी ने अनेक प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समय-समय पर देश को झंझोड़ने, संस्कारित करने, भावनाओं को उद्वेलित करके उन्हें चैनलाइज़ करने और अंततोगत्वा सृजनशक्ति के संग्रह का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि भारत के भाव की अभिव्यक्ति केवल और केवल आकाशवाणी और दूरदर्शन ही कर सकते हैं।
‘स्वराज’ के बारे में - स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा
स्वराज एक 75 एपिसोड्स का धारावाहिक है जिसे 4के/एचडी गुणवत्ता में बनाया गया है और 14 अगस्त से हर रविवार, रात 9 से 10 बजे ये दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। इसे अंग्रेजी के साथ नौ क्षेत्रीय भाषाओं में डब किया जा रहा है। ये धारावाहिक तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, उड़िया, बंगाली और असमिया क्षेत्रीय भाषाओं में 20 अगस्त से प्रसारित होगा। 1498 में वास्को-डी-गामा के भारत आने से शुरू होकर ये सीरियल इस धरती के वीरों की एक समृद्ध गाथा प्रस्तुत करेगा। इसमें रानी अब्बक्का, बख्शी जगबंधु, तिरोट सिंग, सिद्धू मुर्मू और कान्हू मुर्मू, शिवप्पा नायक, कान्होजी आंग्रे, रानी गाइदिन्ल्यू, तिलका मांझी जैसे कई गुमनाम नायक नायिकाओं से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, महाराज शिवाजी, तात्या टोपे, मैडम भीकाजी कामा जैसे मशहूर स्वतंत्रता सेनानी शामिल हैं।